ज्ञानवापी सर्वे: दीवारों पर स्वास्तिक और त्रिशूल के दिखे निशान, मगरमच्छ का शिल्प देख सभी दंग



ज्ञानवापी मस्जिद के तहखाने में शनिवार को सर्वे के दौरान दीवारों पर त्रिशूल और स्वास्तिक के निशान दिखे हैं। इनकी बनावट शैली का कोर्ट कमिश्नर व अधिवक्ताओं ने आकलन किया। सूत्रों के अनुसार एक तहखाने में मगरमच्छ का शिल्प देख सभी दंग रह गए। तहखाने में मंदिर शिखर का अवशेष भरा होने के कारण सर्वे में दिक्कत भी आई।

सूत्रों के मुताबिक कमीशन की कार्यवाही सुबह 8 बजे शुरू हो गई। कोर्ट कमिश्नर अजय कुमार मिश्र, विशाल सिंह व अजय प्रताप सिंह ने सभी पक्षकारों के साथ मस्जिद में प्रवेश किया। पूरी टीम पहले मस्जिद की पश्चिमी दीवार देखने पहुंची। यहां करीब 10 मिनट रुकने के बाद सभी तहखाने में पहुंचे।

डीएम के निर्देश पर अंजुमन इंतजामिया मसाजिद कमेटी ने पहले से ताले खुलवा दिए थे। टीम ने एक-एक कर चारों कमरों का सर्वे किया। तहखाने में कोई खिड़की या प्रकाश की व्यवस्था नहीं थी। वहां प्रकाश की व्यवस्था मंदिर प्रशासन ने की थी। सर्वे के दौरान तहखाने में खम्भों, दरवाजों और दीवारों का माप किया गया। दीवारों की मोटाई के साथ मंडप की ऊंचाई नापी गई। खम्भों पर उभरी आकृतियों से जमा धूल हटाई गई। 

अंदर भीषण गर्मी में सर्वे टीम के सभी सदस्य पसीने से तरबतर हो गए थे। अंत में कोर्ट कमिश्नर व अधिकारियों ने कोई तथ्य सार्वजनिक न करने की हिदायत के साथ 12 बजे कार्यवाही बंद कर दी। सूत्रों के मुताबिक रविवार को नमाज पढ़ने वाले स्थल, छत के अलावा पश्चिमी तरफ से सर्वे होगा। 

अंजुमन इन्तेजामिया मसाजिद संयुक्त सचिव सैयद मोहम्मद यासीन ने बताया, कमीशन की कार्यवाही शांतिपूर्ण और सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में हुई। इतवार को भी कार्यवाही होगी। सभी से अपील है कि शहर में अमन-चैन बना रहे। कानून अपना काम करे। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ