फतेहगंज पश्चिमी में धार्मिक स्थल पर नशा करने से रोकने पर चौकीदार से मारपीट का आरोप। पुलिस जांच में जुटी।
फतेहगंज पश्चिमी। शाही रोड स्थित गांव कुरतरा के झाड़वाले बाबा धार्मिक स्थल पर नशीला पदार्थ पीने से मना करने पर चौकीदार की पिटाई कर दी गई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस जांच कर रही है।
बरेली शहर निवासी नन्ने मियां गांव कुरतरा के धार्मिक स्थल पर चौकीदारी करते हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कस्बा शाही निवासी असलम उर्फ बब्लू बाबा और थाना हाफिजगंज क्षेत्र के अफसर अली आए दिन कई कई लोगों के साथ धार्मिक स्थल पर आकर नशीले पदार्थों का सेवन करते हैं। विरोध करने पर मारपीट करते हैं।
शुक्रवार देर शाम असलम उर्फ बब्लू कई लोगों के साथ आया और नशीले पदार्थ का सेवन करने लगा। नन्ने मियां ने विरोध किया तो सभी ने एक राय होकर उनकी पिटाई कर दी। इतना ही नहीं आरोपियों ने उन्हें जबरन रोककर थाना पुलिस से शिकायत करने भी नहीं जाने दिया। उनकी चारपाई पर आरोपी खुद बैठ गए और पूरी रात नन्ने मियां को बैठाकर रखा।
शनिवार सुबह किसी तरह पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। तहरीर में उन्होंने असलम उर्फ बब्लू और अफसर अली समेत अन्य लोगों पर मारपीट और धमकाने का आरोप लगाया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। धार्मिक स्थल और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। आरोप सही पाए जाने पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
(रिपोर्ट - मुदित प्रताप सिंह/ बरेली)


0 टिप्पणियाँ
आपका विचार हमारे लिए महत्वपूर्ण है, कृपया अपनी राय नीचे लिखें।