दिल्ली के कोचिंग सेंटरों को सुरक्षा मानकों के लिए 1 महीने की मोहलत। नियम पूरे न होने पर होगी सीलिंग। जानें पूरा फैसला।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी के सभी कोचिंग संस्थानों को सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए एक महीने का समय दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन संस्थानों में फायर ऑडिट, अग्नि सुरक्षा उपकरण और भवन सुरक्षा से जुड़े अनिवार्य मानकों का पालन नहीं होगा, उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें सील किया जाएगा। सरकार ने छात्रों से भी असुरक्षित कोचिंग संस्थानों की शिकायत सीधे प्रशासन तक पहुंचाने की अपील की है।
एक महीने में पूरे करने होंगे सभी सुरक्षा मानक
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में संचालित सभी कोचिंग संस्थानों को एक महीने के भीतर सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करनी होंगी। उन्होंने कहा कि संस्थानों की संख्या चाहे 900 हो या उससे अधिक, सरकार के लिए सबसे महत्वपूर्ण छात्रों की सुरक्षा है। जिन संस्थानों में फायर ऑडिट, अग्निशमन उपकरण और भवन सुरक्षा के मानकों का पालन नहीं मिलेगा, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि दिल्ली हाईकोर्ट की समिति की सिफारिशों के आधार पर कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नया कानून लाने की तैयारी की जा रही है। साथ ही छात्रों से अपील की गई है कि यदि उनका कोचिंग संस्थान असुरक्षित है तो वे संदेश, ईमेल या फोन के माध्यम से इसकी जानकारी सरकार को दें।
923 कोचिंग संस्थानों के निरीक्षण का आदेश
इससे पहले दिल्ली सरकार ने राजधानी के 923 कोचिंग संस्थानों के व्यापक निरीक्षण के निर्देश दिए हैं। शिक्षा, उच्च शिक्षा और तकनीकी शिक्षा मंत्री आशीष सूद की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में यह फैसला लिया गया। निरीक्षण के दौरान फायर सेफ्टी, भवन सुरक्षा, आपातकालीन निकासी व्यवस्था और अन्य नियामकीय मानकों की जांच की जाएगी।
आशीष सूद ने कहा कि छात्रों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा मानकों से समझौता करने वाले किसी भी संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा।
One month. That is the deadline.The number of coaching institutes in Delhi is not the issue. The safety and security of our children is.Any coaching institute without a fire audit, mandatory safety equipment or prescribed safety measures will face strict action, including… pic.twitter.com/JZKnvJKaQc— Rekha Gupta (@gupta_rekha) June 27, 2026
लखनऊ हादसे के बाद बढ़ी सख्ती
हाल ही में लखनऊ के एक कोचिंग संस्थान में हुए भीषण अग्निकांड में 15 बच्चों की मौत के बाद कई राज्यों में कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे हैं। इसी के बाद दिल्ली सरकार ने भी राजधानी में सुरक्षा मानकों की समीक्षा तेज कर दी है। उत्तर प्रदेश में भी कोचिंग सेंटरों, लाइब्रेरी और अन्य शैक्षणिक संस्थानों का निरीक्षण लगातार जारी है। हाल ही में गोमती नगर स्थित एक कोचिंग सेंटर को सुरक्षा नियमों के उल्लंघन मिलने पर सील भी किया गया था।


0 टिप्पणियाँ
आपका विचार हमारे लिए महत्वपूर्ण है, कृपया अपनी राय नीचे लिखें।