जबलपुर में BJP नेत्री संगीता रजक की लाइसेंसी बंदूक से गोली लगने से मौत, पुलिस CCTV और मिसफायर एंगल की जांच में जुटी।
मध्य प्रदेश के जबलपुर में भाजपा नेत्री और पूर्व पार्षद प्रत्याशी संगीता रजक की गोली लगने से मौत हो गई। घटना रांझी थाना क्षेत्र के पुराने शोभापुर इलाके की है, जहां देर रात घर में रखी लाइसेंसी 12 बोर बंदूक से अचानक फायर होने के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन उन्हें तुरंत निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बंदूक जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
आधी रात को घर के बाहर हलचल के बाद हुआ हादसा
परिजनों के मुताबिक रात करीब एक बजे घर के बाहर कुछ संदिग्ध लोगों की आवाजें सुनाई दी थीं। आवाज सुनते ही संगीता रजक के पति और देवर बाहर की तरफ दौड़े। परिवार पहले से डरा हुआ था, इसलिए घर में सुरक्षा के लिए लाइसेंसी बंदूक रखी गई थी। बताया जा रहा है कि संगीता रजक बंदूक लेकर अपने पति और देवर के पीछे बाहर जा रही थीं, तभी गैलरी में अचानक ट्रिगर दब गया और गोली सीधे उन्हें जा लगी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ीं और घर में चीख-पुकार मच गई।
10 दिन पहले घर पर हुआ था बम हमला
पुलिस जांच में सामने आया है कि करीब 10 दिन पहले कुछ असामाजिक तत्वों ने संगीता रजक के घर पर बम फेंककर दहशत फैलाने की कोशिश की थी। इस घटना के बाद से पूरा परिवार काफी तनाव और डर में रह रहा था। परिजनों का कहना है कि उसी घटना के बाद आत्मरक्षा के लिए बंदूक हमेशा पास रखी जाती थी। शनिवार देर रात दोबारा संदिग्ध गतिविधियां महसूस होने पर परिवार को हमले की आशंका हुई थी।
पुलिस ने जब्त की बंदूक, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे
रांझी थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल हुई लाइसेंसी 12 बोर बंदूक को कब्जे में ले लिया है। शुरुआती जांच में बंदूक से एक राउंड फायर होना पाया गया है, जबकि मौके से एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि घटना से पहले और बाद की गतिविधियों का पता लगाया जा सके।
थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने बताया कि फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। दुर्घटनावश गोली चलने की संभावना के साथ अन्य पहलुओं को भी ध्यान में रखा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी।
संगीता रजक भाजपा की सक्रिय नेता थीं और नगर निगम चुनाव में पार्टी की ओर से पार्षद प्रत्याशी भी रह चुकी थीं। उनकी अचानक मौत की खबर से इलाके में शोक का माहौल है। स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे और घटना को लेकर गहरा दुख जताया।


0 टिप्पणियाँ
आपका विचार हमारे लिए महत्वपूर्ण है, कृपया अपनी राय नीचे लिखें।