ताजा खबरें

5/recent/ticker-posts

बड़ी खबरें

Recent/hot-post

मछली शहर में रक्षक ही बन रहे भक्षक,प्रशासन के नाक के नीचे हो रहा खेल; प्रसव के दौरान नवजात की मौत पर हंगामा, अस्पताल सीज



मछलीशहर के जीवन रक्षा हॉस्पिटल में प्रसव के दौरान नवजात की मौत पर हंगामा, अस्पताल सीज, जांच शुरू।

एक दिन के अंतराल पर प्रसव के दौरान दूसरी मौत, पुलिस व स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची

इससे पहले भी हो चुकी है कई मौत,विभाग के खानापूर्ति के बाद फिर से बहाल हो जाते है अस्पताल

इंद्रेश तिवारी की रिपोर्ट 

मछलीशहर। नगर स्थित जीवन रक्षा हॉस्पिटल में शुक्रवार को प्रसव के दौरान नवजात शिशु की मौत हो जाने के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन को लापरवाही का जिम्मेदार ठहराया। सूचना मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा अस्पताल को सीज कर जांच शुरू कर दी गई।

बताया जाता है कि एक दिन के अंतराल पर प्रसव के दौरान मौत की यह दूसरी घटना है। शुक्रवार सुबह सुजानगंज थाना क्षेत्र के बेरमाव निवासी विनोद पटेल अपनी गर्भवती पत्नी अंजू (26) को प्रसव के लिए लेकर आए थे। वह अपनी ससुराल टटेहरा गांव से मिर्जापुर नहर के पास रहने वाली नर्स पुष्पा के संपर्क में पहुंचे। नर्स ने गर्भस्थ शिशु के उल्टा होने की बात बताई और उन्हें जीवन रक्षा हॉस्पिटल लेकर पहुंची।

अस्पताल पहुंचने पर सीजर ऑपरेशन के लिए सर्जन उपलब्ध नहीं मिला। आरोप है कि इसके बावजूद अस्पताल में सामान्य प्रसव कराने का प्रयास किया गया। गर्भस्थ शिशु की स्थिति उल्टी होने के कारण प्रसव के दौरान नवजात की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि विवाह के छह वर्ष बाद दंपती को संतान सुख मिलने वाला था। नवजात की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया और उन्होंने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया।



घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान अस्पताल के डॉक्टर व स्टाफ मौके से फरार मिले। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल को सीज कर दिया है तथा मामले की जांच की जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में संचालित निजी अस्पतालों की नियमित जांच नहीं होने से आए दिन इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

अस्पताल सीज, विधिक कार्रवाई जारी

मछलीशहर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. अजय सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वहां मौजूद प्रसूता को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। अस्पताल का स्टाफ मौके पर नहीं मिला। अस्पताल को सीज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

तहरीर के आधार पर दर्ज होगी प्राथमिकी

मछलीशहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनीत राय ने बताया कि महिला के पति विनोद पटेल की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। तहरीर के आधार पर अस्पताल संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ