नगर निकाय चुनाव में भाजपा की जीत तय, कांग्रेस जीरो पर होगी आउट : मोहन लाल बड़ौली



गुरुग्राम में भाजपा संकल्प पत्र बैठक, मोहन लाल बड़ौली बोले—जनहितकारी एजेंडा, निकाय चुनाव में भाजपा की जीत तय

गुरुग्राम डेस्क


गुरुग्राम में भाजपा संकल्प पत्र निर्माण समिति की पहली बैठक

गुरुग्राम, 18 अप्रैल। नगर निकाय चुनाव के लिए भाजपा की राज्य संकल्प पत्र निर्माण समिति की पहली बैठक गुरुग्राम स्थित भाजपा कार्यालय गुरुकमल में हुई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली की अध्यक्षता में हुई बैठक में संकल्प पत्र निर्माण समिति के सभी पांचों सदस्य मौजूद रहे। बैठक में नगर निकाय चुनाव के लिए पार्टी के संकल्प पत्र को जनहितकारी और विकासोन्मुख बनाने के लिए लगभग दो घंटे तक मंथन चला। बैठक में समिति के अध्यक्ष मंत्री विपुल गोयल, समिति के सदस्य प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया, प्रदेश उपाध्यक्ष वेदपाल एडवोकेट, पानीपत की मेयर कोमल सैनी, स्वच्छ भारत मिशन के वाइस चेयरमैन सुभाष चंद्र ने अपने-अपने सुझाव रखे।

जनहित और विकास आधारित एजेंडे पर जोर

बैठक के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि पार्टी का संकल्प पत्र आम जनता की आकांक्षाओं और जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा विकास और पारदर्शिता की राजनीति में विश्वास रखती है। निकाय चुनाव में भी इसी एजेंडे के साथ जनता के बीच जाएगी।

आगामी बैठक में उम्मीदवारों पर होगा फैसला

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि निकाय चुनाव में रहने वाले मुद्दों पर आज की बैठक में विचार किया गया है। दिल्ली में होने वाली चुनाव समिति की आगामी बैठक में संकल्प पत्र के साथ-साथ उम्मीदवारों के नाम व अन्य विषयों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। केंद्र की अनुमति से उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी जाएगी।

सात स्थानों पर होने वाले चुनाव की तैयारी

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि सात स्थानों पर चुनाव होने हैं। रेवाड़ी, धारूहेड़ा, कुकलाना और सांपला में नगर पालिका और नगरपरिषद के चुनाव हैं। वहीं पंचकूला, सोनीपत और अंबाला में नगर निगम के चुनाव हैं। भाजपा का हर कार्यकर्ता चुनाव के लिए तैयार है। हरियाणा की जनता नायब सैनी सरकार के कार्यों से संतुष्ट है और भाजपा को निकाय चुनाव में जिताने का मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कि 10 मई को चुनाव है और यह चुनाव शत प्रतिशत भाजपा के पक्ष में होगा और कांग्रेस पार्टी जीरो पर आउट हो जाएगी।

महिला आरक्षण मुद्दे पर कांग्रेस पर हमला

एक सवाल पर बोलते हुए श्री बड़ौली ने कहा कि मोदी सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में काम कर रही है। महिलाओं को राजनीति में बराबर की हिस्सेदारी मिले इसके लिए मोदी सरकार नारी शक्ति वंदन अधिनियम लेकर आई थी।

महिलाओं के मुद्दे पर कांग्रेस पर विश्वासघात का आरोप

उन्होंने कहा कि 2029 में लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिले इसके लिए मोदी सरकार ने विशेष सत्र बुलाया, लेकिन कांग्रेस ने महिलाओं के विश्वास पर कुठाराघात किया है। कांग्रेस ने जो पाप किया है उसके लिए देश की महिलाओं में गुस्सा है। उन्होंने कहा कि महिलाएं आने वाले चुनाव में कांग्रेस को करारा जवाब देंगी।

सरकार के कार्यों और नीतियों का जिक्र

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास“ की नीति पर काम कर रही है। हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार जनहित के कार्य बिना किसी भेदभाव के कर रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में भाजपा सरकार विकास, सुशासन और जनकल्याण के ’नॉन-स्टॉप’ कार्य कर रही है।

कार्यकर्ताओं की भूमिका और जीत का दावा

मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है और कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही लगातार चुनाव जीत रही है। उन्होंने कहा कि समर्पित कार्यकर्ता भाजपा की ताकत है। श्री बड़ौली ने कहा कि भाजपा सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। भाजपा की योजनाओं का लाभ हर वर्ग के लोगों को मिल रहा है। यही कारण है कि भाजपा पर लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। नगर निकाय चुनाव में भाजपा की जीत तय है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ