न्यूज़ फ़्लैश

5/recent/ticker-posts

बड़ी खबरें

Recent/hot-post

Delhi Air Pollution: जहरीली हवा से जल्द मिलेगी राहत, बदलेगा मौसम, होगी बारिश





पांच दिनों से प्रदूषण से परेशान दिल्ली को अब थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार से हवाओं की गति में थोड़ा सुधार होगा। इससे प्रदूषण का गुबार कम होने लगेगा। 9 नवंबर की रात में बूंदाबांदी की संभावना भी है। 11 और 12 नवंबर को हवाएं और तेज होंगी। इसके साथ ही ठंड भी अब बढ़ेगी। इस हफ्ते में तापमान में और अधिक कमी आ जाएगी।


सोमवार को सीजन की सबसे ठंडी सुबह रही। न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री रहा। यह सामान्य से दो डिग्री कम रहा। वहीं अधिकतम तापमान बढ़कर 31.5 डिग्री पर पहुंच गया। यह सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा। हवा में नमी का स्तर 35 से 98 प्रतिशत तक रहा। पूर्वानुमान के अनुसार बुधवार को आसमान साफ रहेगा। सुबह के समय हल्का कोहरा और धुंध रह सकता है। अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री के आसपास दर्ज होगा।


8 नवंबर से मौसम में बदलाव होंगे। इस दिन दोपहर और शाम के समय आंशिक बादल छा सकते हैं। अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री तक रहेगा। वहीं 9 नवंबर को भी बादल छाए रहेंगे। रात के समय बूंदाबांदी हो सकती है। अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री के आसपास बना रह सकता है। इसके बाद 10 नवंबर को भी तापमान 30 और 17 डिग्री के आसपास रहेगा। इसके बाद तापमान में तेजी से कमी आएगी। 11 और 12 नवंबर को अधिकतम तापमान गिरकर 30 डिग्री से नीचे पहुंच जाएगा। यह 28 से 29 डिग्री तक रह सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान भी 14 से 16 डिग्री तक सिमट सकता है। स्काईमेट के अनुसार सोमवार सुबह इस सीजन की सबसे ठंडी सुबह रही। पिछले करीब 20 दिनों से मौसम शुष्क बना हुआ है। यूं भी दिल्ली के लिए नवंबर सबसे कम बारिश वाला महीना है। नवंबर में सामान्य तौर पर 4.1 एमएम बारिश होती है। पिछले तीन सालों में नवंबर में बारिश नहीं हुई है।


अब एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस 8 नवंबर को आने वाला है। इसके 10 नवंबर तक रहने की संभावना है। पहले और अंतिम दिन मौसम की गतिविधियां पहाड़ों तक ही सीमित रहेंगी। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और बारिश हो सकती है। 9 नवंबर को पंजाब, हरियाणा और उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की उम्मीद है। दिल्ली में बूंदाबांदी की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। आंशिक रूप से बादल छाए रहने और हवा के पैटर्न में बदलाव के कारण अगले 3-4 दिनों में तापमान में और गिरावट की संभावना नहीं है। सिस्टम के गुजरने के बाद 12 से 14 नवंबर के बीच तापमान गिरेगा। दिवाली पर हवा में थोड़ी ठंडक रहने की संभावना है, खासकर सुबह और रात के समय।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ