बिजली कर्मचारियों की हड़ताल खत्म, ऊर्जा मंत्री ने विद्युत आपूर्ति को जल्द संचालित करने का दिया निर्देश



संवाददाता मुदित प्रताप सिंह की रिपोर्ट

लखनऊ: यूपी में बिजली कर्मचारियों की हड़ताल को रविवार को समाप्त करने का ऐलान कर दिया गया। संघर्ष समिति ने एक दिन पहले ही कार्य बहिष्कार आंदोलन को वापस ले लिया। ऊर्जा मंत्री ने संघर्ष समिति के पदाधिकारियों से कहा कि प्रदेश में जहां भी विद्युत आपूर्ति बाधित हुई है वहां इसे शीघ्र संचालित किया जाए। इसी के साथ जो भी कर्मचारी कार्यस्थल पर न हो वह कार्यस्थल पर पहुंचकर अपने दायित्वों को निभाएं।

ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कहा कि संघर्ष समिति का यह आंदोलन खत्म करने के लिए धन्यवाद है। वह तत्काल अपने कर्मचारियों को यह निर्देशित करें कि वह अपने कार्यस्थल पर पहुंचे और व्यवस्थाओं को अपने नियंत्रण में ले। जनता की सेवाओं को फिर से जल्द से जल्द बहाल किया जाएगा। बिजली कर्मचारियों ने कई राउंड में बातचीत की है उसको लेकर कुछ लिखित आश्वासन दिया गया है। कुछ बातों का लिखित आश्वासन नहीं दिया गया है लेकिन उन पर भी विचार किया जाएगा। जो कार्रवाई इस बीच बिजली कर्मचारियों के खिलाफ हुई हैं उन्हें भी वापस लिया जाएगा। इसको लेकर यूपीपीसीएल के चेयरमैन को निर्देशित किया गया है।

गौरतलब है कि यूपी में बिजली कर्मचारियों की ओर से जारी कार्यबहिष्कार के चलते लोगों को खासा परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। कई जगहों पर सड़क जाम करने जैसी घटनाएं भी सामने आ रही थी। जिसके बाद लगातार ऊर्जा मंत्री एके शर्मा संघर्ष समिति के पदाधिकारियों के साथ बातचीत और बैठक कर रहे थे। इसी बीच यह निर्णय़ लिया गया कि कार्य बहिष्कार को लेकर 72 घंटे का जो ऐलान हुआ था उसे एक दिन पहले वापस लिया जाएगा। वहीं इस बीच ऊर्जा मंत्री ने कहा कि इस दौरान जो भी कार्रवाई बिजली कर्मचारियों पर हुई हैं उसे वापस लिया जाएगा। शैलेंद्र दुबे ने ऊर्जा मंत्री के आश्वासन के बाद कर्मचारियों से अपने काम पर लौटने की बात कही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ